settings icon
share icon
प्रश्न

इसका क्या अर्थ है कि कलीसिया मसीह की दुल्हन है?

उत्तर


विवाह का चित्र और प्रतीक मसीह और कलीसिया के नाम से पहचाने जाने वाले विश्‍वासियों की देह पर लागू होती है। कलीसिया उन लोगों से मिलकर बनी है, जिन्होंने यीशु मसीह के ऊपर अपने व्यक्तिगत उद्धारकर्ता के रूप में भरोसा किया है और उन्हें अनन्त जीवन प्राप्त हुआ है। मसीह, अर्थात् दुल्हे ने अपने बलिदान और प्रेम से कलीसिया को अपनी दुल्हन के रूप में चुना है (इफिसियों 5:25-27)। जैसे बाइबल के समय में एक मंगनी का समय होता था, जिस में दुल्हा और दुल्हन विवाह तक अलग रहते थे, वैसे ही कलीसिया की आयु की अवधि में मसीह की दुल्हन अपने दुल्हे से अलग है। इस अवधि में उसका उत्तरदायित्व दुल्हे के प्रति विश्‍वासयोग्य रहना है (2 कुरिन्थियों 11:2; इफिसियों 5:24)। मसीह के दूसरे आगमन पर, कलीसिया दुल्हे के साथ एक हो जाएगी और आधिकारिक रूप से "विवाह का समारोह" होगा और इसके साथ ही, मसीह और उसकी दुल्हन की शाश्‍वतकाल एकता एक वास्तविक बन जाएगी (प्रकाशितवाक्य 19:7-9; 21:1-2)।

शाश्‍वतकालीन अवस्था में, विश्‍वासियों की पहुँच स्वर्गीय शहर तक होगी, जिसे नए यरूशलेम के नाम से जाना जाता है, जिसे प्रकाशितवाक्य 21:2 और 10 में "पवित्र नगर" भी कहा जाता है। नया यरूशलेम कलीसिया नहीं है, परन्तु यह स्वयं में कलीसिया की कुछ विशेषताओं को लेता है। इस युग के अन्त में अपने दर्शन में, प्रेरित यूहन्ना ने "दुल्हन के रूप में" स्वर्ग से नीचे उतरने वाले नगर को देखा था, जिसका अर्थ है कि नगर वैभवशाली रूप से उज्ज्वल होगा और नगर के निवासी, परमेश्‍वर के छुटकारा पाए हुए पवित्र और शुद्ध होंगे, जो पवित्रता और धार्मिकता के श्वेत वस्त्रों को पहने हुए हैं। कुछ लोगों ने वचन 9 का अर्थ गलत देते हुए पवित्र नगर को मसीह की दुल्हन कहा है, परन्तु ऐसा इसलिए नहीं हो सकता, क्योंकि मसीह एक नगर के लिए अपितु अपने लोगों के लिए मरा था। नगर को दुल्हन कहा गया है, क्योंकि इसमें वे सभी लोग हैं, जो दुल्हन के रूप में एक हैं, ठीक वैसे ही जैसे कि स्कूल के सभी विद्यार्थियों को कभी-कभी "विद्यालय" कहा जाता है।

यीशु मसीह में विश्‍वास करने वाले मसीह की दुल्हन हैं और हम उस दिन की बड़ी आशा के साथ प्रतीक्षा कर रहे हैं, जब हम अपने दुल्हे के साथ एक हो जाएंगे। तब तक, हम उसके प्रति विश्‍वासयोग्य रहते हैं और परमेश्‍वर के द्वारा सभी छुटकारा पाए हुओं के साथ कहते हैं, "हे प्रभु यीशु आ!" (प्रकाशितवाक्य 22:20)।

English



हिन्दी के मुख्य पृष्ठ पर वापस जाइए

इसका क्या अर्थ है कि कलीसिया मसीह की दुल्हन है?
इस पृष्ठ को साझा करें: Facebook icon Twitter icon YouTube icon Pinterest icon Email icon
© Copyright Got Questions Ministries